पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।उत्तर प्रदेश शासन द्वारा पुलिस विभाग में हाल ही में हुई विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक के बाद जारी सूची में जनपद चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र में तैनात क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्नेहा तिवारी को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पद पर पदोन्नत किया गया है। 48 क्षेत्राधिकारियों की जारी प्रमोशन सूची में उनका नाम शामिल होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
स्नेहा तिवारी वर्ष 2012 बैच की प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) अधिकारी हैं। मूल रूप से मिर्जापुर जनपद के चुनार क्षेत्र की निवासी स्नेहा तिवारी की पहचान एक अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में रही है। उनकी पहली नियुक्ति वाराणसी में हुई थी। इसके बाद उन्होंने झांसी और चंदौली जनपद में भी अपनी सेवाएं दीं।
चंदौली में तैनाती के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर कई पहल की। गांवों और कस्बों में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने के प्रयासों को लोगों ने काफी सराहा।
उनकी कार्यशैली की प्रशंसा जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभिन्न मंचों पर की है।
प्रमोशन की सूचना मिलते ही सकलडीहा स्थित उनके कार्यालय और आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं और गुलदस्ते देकर शुभकामनाएं दीं।
अपर पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत होने के बाद अब स्नेहा तिवारी की जिम्मेदारियां और बढ़ जाएंगी। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा और साफ छवि विभाग के लिए आगे भी महत्वपूर्ण साबित होगी।










