Home / Uncategorized / नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 1.20 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 1.20 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

दो तस्कर गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चन्दौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1.20 करोड़ रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब से लदा एक ट्रक और लोकेशन देने के लिए साथ चल रही बोलेरो गाड़ी भी कब्जे में ले ली है।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव व सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब नोएडा से बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 14 मार्च को एनएच-19 पर ग्राम बरठी कमरौर स्थित पेट्रोल पंप के पास चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या NL01AF3253 को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में ट्रक में पुट्टी की बोरियां मिलीं, लेकिन गहन जांच करने पर उनके पीछे छिपाकर रखी गई 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 6325.92 लीटर बताई गई है।

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक अली बक्श (27) निवासी सहारा थाना तलझारी, जिला दुमका (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ट्रक को लोकेशन देने के लिए पीछे-पीछे चल रही बोलेरो संख्या UP13BD0011 से चालक मुरताज अंसारी (40) निवासी चित्रपोका थाना मोहनपुर, जिला देवघर (झारखंड) को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार बरामद शराब में रॉयल स्टेज, इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल्स ब्रांड की कुल 710 पेटियां शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1.20 करोड़ रुपये है।

इस मामले में थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 79/2026 के तहत धारा 3(5), 318, 319, 338, 336(3) बीएनएस तथा धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *