Home / Uncategorized / गैस कालाबाजारी पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, नौतनवा एसडीएम ने गैस गोदाम पर मारा छापा

गैस कालाबाजारी पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, नौतनवा एसडीएम ने गैस गोदाम पर मारा छापा

सोनौली स्थित गैस गोदाम का औचक निरीक्षण, स्टॉक रजिस्टर और वितरण प्रणाली की हुई जांच

कार्रवाई से जमाखोरों और बिचौलियों में मचा हड़कंप, अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/ सोनौली।
जनपद में गैस सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। इसी क्रम में रविवार को नौतनवा के एसडीएम नवीन कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ सोनौली स्थित आदित्य शंकर गैस गोदाम पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से क्षेत्र में जमाखोरों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम नवीन कुमार ने मौके पर पहुंचकर गैस वितरण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक की जांच करते हुए स्टॉक रजिस्टर और उपभोक्ताओं को वितरित किए जा रहे सिलेंडरों का मिलान कराया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस एजेंसी के प्रबंधकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने यह भी निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा।
प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र के गैस कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे गैस कालाबाजारी पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *