Home / Uncategorized / घुघली पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी का खुलासा, फरार शातिर चोर गिरफ्तार, आभूषण व नगदी बरामद

घुघली पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी का खुलासा, फरार शातिर चोर गिरफ्तार, आभूषण व नगदी बरामद

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली पल्टू मिश्रा
जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घुघली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए फरार चल रहे शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया आभूषण और नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना घुघली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 24 नवंबर 2025 की रात ग्राम करौता उर्फ नेबुइयां में एक घर में घुसकर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में थाना घुघली में मु0अ0सं0 464/2025 धारा 305, 331 (4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान इस मामले में उमेश साहनी, अंजनी साहनी और धर्मवीर साहनी उर्फ लाला का नाम प्रकाश में आया। पहले ही उमेश साहनी को गिरफ्तार कर उसके पास से कुछ चोरी के आभूषण और नकदी बरामद किए गए थे, जिसके बाद मुकदमे में धारा 317 (2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।
इसी क्रम में सोमवार को मुखबिर की सूचना पर घुघली पुलिस ने बेलवा तिवारी नहर पुलिया के पास से फरार चल रहे अभियुक्त धर्मवीर उर्फ लाला (42 वर्ष) पुत्र झिन्नु साहनी निवासी ग्राम परसिया, थाना श्यामदेउरवा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का एक पीली धातु का कंगन तथा 770 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और चोरी से संबंधित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रताप सिंह (चौकी प्रभारी जखीरा), उपनिरीक्षक दीपक मिश्रा, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल आशुतोष राय तथा कांस्टेबल विजय प्रकाश राय शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *