पूर्वांचल राज्य /चंदौली
चंदौली।जनपद में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 मार्च 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर, अहिरौरा रोड, चकिया में आयोजित होगा।
यह जानकारी जिला सेवायोजन कार्यालय, चंदौली द्वारा दी गई है। बताया गया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत सेवायोजन निदेशक लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के मार्गदर्शन में यह एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।
रोजगार मेले में अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भाग ले सकेंगे। मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर मेले से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी, जिसके आधार पर इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
मेले में डी-सेट्स, फैम इंडिया प्रा.लि., एडिको, ओवर ड्राइव इलेक्ट्रॉनिक्स, वेलांगी कनेक्टिविटी प्रा.लि., इन्कोफिक्स, जूपिटर लैमिनेटर्स, लावा इंटरनेशनल, अशोक लीलैंड, सुब्रोस लिमिटेड, एसआईएस (सिक्योरिटी गार्ड), स्किल इंडिया इंटरनेशनल, पेरीग्रीन सिक्योरिटी गार्ड तथा विजन एचआर सर्विसेज (अमेजन और फ्लिपकार्ट के लिए) सहित 40 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियां अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर मौके पर ही जॉब ऑफर देंगी।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाणपत्र, बायोडाटा और चार पासपोर्ट साइज फोटो के साथ 18 मार्च को प्रातः 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचें। मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।मेले में आईटीआई, कौशल विकास, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा तथा विभिन्न ट्रेडों से उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।










