Home / Uncategorized / पंचायत विकास योजना पर प्रशिक्षण, ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने पर जोर

पंचायत विकास योजना पर प्रशिक्षण, ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने पर जोर

पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।

विकास खंड चोलापुर के सभागार में सोमवार को पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य एवं पंचायत सहायकों को पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण उप निदेशक (पंचायत) वाराणसी मंडल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी चोलापुर शिव नारायण सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अंशुमान सिंह, ग्राम प्रधानों व पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी शिव नारायण सिंह ने कहा कि पंचायत विकास योजना का उद्देश्य ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की वार्षिक विकास योजना तैयार करते समय ग्राम सभा की बैठक में प्रस्तावित कार्यों का अनुमोदन अवश्य कराया जाए। साथ ही योजना निर्माण में वंचित वर्ग, महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक शैलजा उपाध्याय ने पंचायत विकास योजना के निर्माण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना, ब्लॉक पंचायत विकास योजना सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही ओएसआर तथा योजना से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *