Home / Uncategorized / थाना परिसर में सामाजिक पहल, रक्तदान कर पुलिसकर्मियों ने पेश की मिसाल

थाना परिसर में सामाजिक पहल, रक्तदान कर पुलिसकर्मियों ने पेश की मिसाल

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

चोपन (सोनभद्र) स्थानीय थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उत्सव ट्रस्ट परिवार के बैनर तले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्लड बैंक की टीम द्वारा कैंप लगाकर रक्त संग्रह किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने स्वयं रक्तदान कर उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई दान नहीं होता। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर रक्तदान अवश्य करें, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिविर के दौरान ब्लड बैंक की टीम ने सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर थाना स्टाफ, उत्सव ट्रस्ट परिवार के पदाधिकारी एवं सदस्य, तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *