पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
(सोनभद्र ) म्योरपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलहत्थी के आठ टोला—जोगीडीह, टेढ़ीअवा, सजहवा, लालीमाटी, बेलगुड़ी, झरिहवा, रजनी और बड़वान—के ग्रामीणों ने मतदान केंद्र की दूरी को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में उनका मतदान केंद्र 15 से 20 किलोमीटर दूर कोड़रा और निहाई पाथर स्थित स्कूलों में बनाया गया है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों वाली माताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई लोग मतदान से वंचित रह जाते हैं।
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मांग की है कि इन सभी टोला के लिए जोगीडीह प्राइमरी स्कूल में ही मतदान केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
इसके साथ ही ज्ञापन में जोगीडीह रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार करने की गंभीर समस्या भी उठाई गई। बताया गया कि रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के अभाव में लगभग 400 स्कूली बच्चे और सैकड़ों ग्रामीण रोजाना जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। कई बार लोग स्टेशन पर खड़ी बोगियों के नीचे से निकलते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद द्वारा यह सुझाव दिया गया है कि रेलवे लाइन के दोनों ओर सड़क निर्माण के बाद ही आरओबी बन पाना संभव होगा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 8 वर्षों से वे इस समस्या को लेकर प्रशासन से पक्की सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी समस्या को लेकर आदिवासी राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) सोनभद्र के जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि एक माह के भीतर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के आदिवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में गंभीरता दिखाई जाए, अन्यथा उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी सोनभद्र के उपाध्यक्ष एवं इंटक के उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आठ टोला के मतदाताओं को इतनी दूर मतदान के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जोगीडीह रेलवे स्टेशन के समीप प्राथमिक विद्यालय में शीघ्र मतदान केंद्र स्थापित कर लोगों को राहत दी जाए।
प्रदर्शन में जिला महासचिव इंटक शमीम अख्तर खान, शिव प्रसाद खरवार, कामरेड लालचंद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पनारी लक्ष्मण यादव, पूर्व प्रधान बेलहत्थी लक्ष्मण खरवार, सूबेदार गौड़, कंपनी खरवार, राजेश देव पांडेय, लक्ष्मण भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।










