पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व हिन्दू परिषद रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन करने वाला है। विश्व हिंदू परिषद द्वारा प्रत्येक वर्ष जनपद में निकाली जाने वाली श्रीरामनवमी के अवसर पर भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन इस वर्ष भी 26 मार्च को करने वाला है। जिसके संबंध में विश्व हिंदू परिषद ने नगर के अग्रवाल धर्मशाला पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता के दौरान विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत सह मंत्री मंगलदेव चौबे ने कहा कि जिले की राम जी की पारंपरिक एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा रामनवमी के अवसर पर 26 मार्च को निकाली जाएगी जिसमें प्रभु श्रीराम दरबार, बाल स्वरूप सीता-राम, हनुमान एवं भगवा ध्वज का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रांत सह मंत्री ने भगवान राम के जीवन वृतांत एवं आदर्शों का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान राम न केवल हमारे आराध्य है अपितु राष्ट्र के नायक भी हैं। जिन्होंने अपने जीवन में समर्पण, त्याग, संघर्ष, वचनपालन, धर्मपरायणता जैसे गुणों को अपने जीवन में उतरा और सदा जनकल्याण का कार्य किया। साथ ही श्री चौबे ने यात्रा एवं यात्रा मार्ग के बारे में बताते हुए कहा कि यह शोभायात्रा अपने प्रारंभिक स्थान जापलिनगंज दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर, बालेश्वर मंदिर, महाराज अग्रसेन मार्ग, चौक, टाउन हॉल चौराहा, विशुनिपुर चौराहा, आर्य समाज रोड, माल गोदाम रोड, रामलीला मैदान एवं जापलिनगंज पुलिस चौकी होते हुए पुनः जापलिनगंज दुर्गा मंदिर पर समाप्त होगी, जहां पर प्रभु श्री राम एवं पूरे राम दरबार का भव्य पूजा एवं आरती की जाएगी। उक्त अवसर पर जिलाध्यक्ष कृष्णा जी शाह, जिलामंत्री भानू तिवारी, प्रांत सह मीडिया प्रमुख अजय श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष मनोज चौबे, अर्जुन गुप्ता, जितेंद्र ठाकुर, राजू पटेल, विनोद गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
हिन्दू एकता का शानदार प्रकटीकरण करेगा विश्व हिन्दू परिषद : मंगल देव चौबे










