पूर्वांचल राज्य।
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश और बनारस का नाम रोशन करने वाले युवा बॉक्सर ऋषि को एमएलसी बृजेश सिंह ने सम्मानित करते हुए उन्हें गोद लेने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने आश्वस्त किया कि अब खिलाड़ी के सामने किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
गौरतलब है कि यह चैंपियनशिप 2 मार्च से 8 मार्च तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई थी, जिसमें ऋषि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता से लौटने के बाद वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
ऋषि, महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी में कोच दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं और लगातार अपने खेल को निखार रहे हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही वह बनारस के पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रमोद कुमार ने भी ऋषि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, एकेडमी के मुख्य संरक्षक शशिकांत पांडेय ने कोच दिलीप सिंह और खिलाड़ी ऋषि दोनों को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्थानीय खेल जगत में इस उपलब्धि को ऐतिहासिक माना जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि ऋषि आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
एमएलसी बृजेश सिंह ने स्वर्ण पदक विजेता ऋषि को किया सम्मानित, लिया गोद — कहा, “अब नहीं आएगी कोई दिक्कत”










