पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी।
प्रभुजन सेवा संस्थान के तत्वावधान में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर लक्सा स्थित मातृमंदिर कन्या पाठशाला गुरुकुल, रामपुरा नई बस्ती में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम ने आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय रहा और उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधि-विधान के साथ छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन, वस्त्र एवं उपहार भेंट किए गए। भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी का स्वरूप मानते हुए इस परंपरा का निर्वहन पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ किया गया।
इस अवसर पर समाज सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवा समाजसेवी एवं अपना एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक डॉ. आलोक कुमार मल्लिक को प्रभुजन सेवा संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी पाठक द्वारा अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके निरंतर समाजोत्थान, शिक्षा प्रसार एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. मल्लिक का समर्पण और कार्यशैली समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनके द्वारा किए जा रहे प्रयास न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक जागरूकता और स्वावलंबन को भी नई दिशा दे रहे हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. आलोक कुमार मल्लिक ने प्रभुजन सेवा संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी पाठक को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए हृदय से धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।










