पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।
सिसवा बाजार को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सिसवा इकाई की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित एक मांग पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया है।
मांग पत्र में कहा गया है कि सिसवा क्षेत्र जनपद का प्रमुख व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी, मंडी व्यवसायी, लघु उद्योग एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े लोग सक्रिय हैं। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था भी संचालित होती है। बावजूद इसके, तहसील का दर्जा न होने के कारण स्थानीय लोगों को राजस्व, पंजीकरण, न्यायालय एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए दूरस्थ तहसीलों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन की हानि होती है तथा व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
व्यापार मंडल का कहना है कि क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या, व्यापारिक विस्तार और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए सिसवा को तहसील बनाना अत्यंत आवश्यक है। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, निवेश के नए अवसर खुलेंगे और रोजगार के साधन विकसित होंगे।
उल्लेखनीय है कि इस मांग को लेकर 5 जनवरी 2026 को सिसवा बाजार पूर्ण रूप से बंद रहा था, जिसमें व्यापारियों ने एकजुट होकर समर्थन दिया था।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिब्बु खान ने सरकार से जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
सिसवा को तहसील बनाने की मांग तेज, व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र










