Home / Uncategorized / सिसवा में श्रीराम जन्मोत्सव की भव्य तैयारियां, मंदिरों में सजी आस्था और उल्लास की अद्भुत छटा

सिसवा में श्रीराम जन्मोत्सव की भव्य तैयारियां, मंदिरों में सजी आस्था और उल्लास की अद्भुत छटा

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।

सिसवा नगर पालिका क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को मनाए जाने वाले श्रीराम जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है और हर ओर श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मंदिरों में जहां सजावट का कार्य अंतिम चरण में है, वहीं धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा भी सुव्यवस्थित ढंग से तैयार की जा चुकी है।
नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों—श्रीरामजानकी मंदिर, प्रेमचित्र मंदिर रोड स्थित प्राचीन ठाकुरद्वारा, श्रीकृष्ण मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, श्रीश्याम मंदिर तथा ग्रामसभा बड़हरा महंत स्थित प्राचीन भगवान जगन्नाथ मठ—में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इन मंदिरों को रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी, फूल-मालाओं और भव्य झांकियों से सजाया जा रहा है। जैसे-जैसे जन्मोत्सव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ने लगी है और पूरा नगर राममय होता जा रहा है।
श्रीरामजानकी मंदिर में गुरुवार दोपहर से अखंड रामायण पाठ एवं भजन-कीर्तन का शुभारंभ होगा, जो देर रात तक जारी रहेगा। मंदिर परिसर में भक्ति की सरिता बहने लगी है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर रामनाम का गुणगान कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, अखंड रामायण पाठ के दौरान विशेष रूप से भजन गायक मोनू शर्मा की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम के जन्म के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार, महाआरती और ढोल-नगाड़ों के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान पूरा नगर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठेगा। श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाएंगे और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
शाम के समय भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो इस उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा। भजन संध्या में गोरखपुर के प्रसिद्ध भजन गायक ठाकुर मोनू शर्मा, गोंडा की लोकप्रिय गायिका दीपिका मिश्रा तथा स्थानीय भजन गायक उमेश ‘उमंग’ अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहेंगे। कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।
इस संबंध में श्रीरामजानकी मंदिर समिति के महामंत्री जितेंद्र वर्मा ने बताया कि इस वर्ष श्रीराम जन्मोत्सव को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पावन अवसर को सफल बनाएं।
प्रेमचित्र मंदिर रोड स्थित प्राचीन ठाकुरद्वारा के पुजारी संजय मालवीय ने जानकारी दी कि मंदिर में दोपहर के समय विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
वहीं, ग्रामसभा बड़हरा महंत स्थित भगवान जगन्नाथ मठ के मठाधीश संकर्षण रामानुज दास ने बताया कि मठ में विशेष पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन एवं भंडारे का आयोजन कर श्रीराम जन्मोत्सव को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पूरे क्षेत्र में इस पर्व को लेकर गहरी आस्था और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *