Home / Uncategorized / धानापुर बस संचालक हत्याकांड: मुख्य आरोपी की तलाश तेज, तीसरी बार नोटिस चस्पा

धानापुर बस संचालक हत्याकांड: मुख्य आरोपी की तलाश तेज, तीसरी बार नोटिस चस्पा

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी बस संचालक राजकुमार यादव उर्फ मुटुन की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी है। फरार चल रहे आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान के घर पर पुलिस द्वारा तीसरी बार नोटिस चस्पा किया गया है, लेकिन वह अब तक गिरफ्त से बाहर है।

गौरतलब है कि बीते वर्ष 1 मई को धानापुर बस स्टैंड के पास अज्ञात हमलावरों ने राजकुमार यादव को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अभिषेक सिंह उर्फ रामनाथ उर्फ पहलवान सिंह, निवासी महुवरकला, को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार है और गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदलता रहा है। बताया जा रहा है कि चकिया में हुई एक मुठभेड़ के मामले में आरोपी ने न्यायालय से अग्रिम जमानत भी प्राप्त कर ली है। इसके बावजूद वह विवेचना में सहयोग नहीं कर रहा है।

धानापुर पुलिस ने आरोपी को जांच में शामिल होने के लिए उसके घर पर तीन बार नोटिस चस्पा किया है। पुलिस को आशंका है कि फरार आरोपी किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हो सकता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो सकता है।

इसी को देखते हुए पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसका बयान दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *