पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उप निदेशक कृषि भीमसेन ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। इस अवसर पर किसानों ने जंगली नीलगायों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की समस्या प्रमुख रूप से उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसानों तक बिना किसी बाधा के पहुंचाया जाए। साथ ही प्रगतिशील किसानों से अन्य किसानों को प्रेरित करने की अपील भी की।
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लंबित ई-केवाईसी को शीघ्र पूरा कराने के लिए कृषि विभाग को शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों की किस्त न रुके। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण सात कार्य दिवसों के भीतर किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान राष्ट्र की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित कृषि, पशुपालन, विद्युत, वन एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।










