पूर्वांचल राज्य /चंदौली
चंदौली।केंद्र सरकार के 11 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “नव निर्माण के नौ वर्ष” थीम पर नौ दिवसीय कार्यक्रम का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन भी कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सूचना विभाग द्वारा मुख्यालय पर लगाई गई प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन ब्लॉक प्रमुख सदर संजय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, ओपी सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने किया और सराहना की।
वहीं, विकास खंड नौगढ़ के सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह एवं खंड विकास अधिकारी विकास सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है।
प्रदर्शनी में कृषि, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, बाल विकास, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम सहित कई योजनाओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष जताया।










