Home / Uncategorized / अष्टमी पर उमड़ी आस्था: कुलदेवता की आराधना में जुटे स्वर्णकार बंधु

अष्टमी पर उमड़ी आस्था: कुलदेवता की आराधना में जुटे स्वर्णकार बंधु

कटैया मूल स्वर्णकार बंधुओं ने कुलदेवता-देवी की पूजा व हवन श्रद्धा से किया संपन्न

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत ग्राम सभा सुलतानीपुर में नवरात्र की अष्टमी के पावन अवसर पर कटैया मूल के स्वर्णकार बंधुओं द्वारा अपने कुलदेवता देवतन बाबा एवं कुलदेवी बन्नी माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन का भव्य आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपराओं की अनुपम छटा देखने को मिली।
इस पावन आयोजन में क्षेत्र ही नहीं, बल्कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए सैकड़ों स्वर्णकार बंधुओं और श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। सुबह से शुरू हुआ पूजन एवं हवन दोपहर बाद तक चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गौरतलब है कि प्रत्येक वर्ष दोनों नवरात्र की अष्टमी के दिन कटैया मूल के स्वर्णकार बंधु अपने कुलदेवता और कुलदेवी की पूजा के लिए सुलतानीपुर में एकत्रित होते हैं। इस परंपरा के प्रति लोगों की आस्था निरंतर बढ़ रही है, जिसका प्रमाण इस वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कार्यक्रम में आनंद सेठ, अर्जुन सेठ, वेद प्रकाश सेठ, पप्पू सेठ, राजेश सेठ, अनमोल सोनी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि सनातन संस्कृति में आस्था, एकता और परंपरा का यह संगम समाज को जोड़ने का कार्य करता है। श्रद्धालुओं ने बाबा की कृपा और आपसी प्रेम-सौहार्द बनाए रखने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *