पूर्वांचल राज्य, वाराणसी (चौबेपुर )
क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। चौबेपुर कस्बे एवं आसपास के गांवों में जल्द ही पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसको लेकर गेल इंडिया के अधिशासी निदेशक एच. के. गर्ग ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण किया।
सर्वे के दौरान एच. के. गर्ग ने बताया कि चौबेपुर में पहले से सीएनजी पंप संचालित होने के कारण यहां पीएनजी गैस वितरण प्रणाली को स्थापित करना अपेक्षाकृत आसान होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए आवश्यक मशीनों एवं उपकरणों की व्यवस्था जल्द ही की जाएगी, जिसके बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीएनजी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सर्वे के दौरान ग्राम प्रधान राघवेंद्र जायसवाल ने टीम को चौबेपुर कस्बे का भ्रमण कराया। इस अवसर पर गेल इंडिया के जीएम सुशील कुमार, मुख्य प्रबंधक (मार्केटिंग) प्रवीण गौतम, हृदेश कुमार पाण्डेय, शैलेश तिवारी क्रांति सिंह, धीरज, देवेंद्र, लालजी सोनकर, हवलदार सिंह वरुण सिंह, शैलेश तिवारी एवं सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










