पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /घुघली
जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है। उन्होंने महाष्टमी और रामनवमी के पावन अवसर पर समस्त जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिससे अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ लग रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी पेट्रोल पंप पर भीड़ न लगाएं। यदि किसी एक पेट्रोल पंप पर ईंधन समाप्त हो जाता है तो नजदीकी दूसरे पेट्रोल पंप से आसानी से डीजल-पेट्रोल प्राप्त किया जा सकता है।
डीएम ने आगे बताया कि जनपद में ईंधन और गैस का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और संबंधित विभागों के साथ लगातार बैठक कर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
अंत में उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे न तो किसी अफवाह पर ध्यान दें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। जिम्मेदार नागरिक बनकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई किल्लत नहीं—अफवाहों से बचें: जिलाधिकारी महराजगंज










