Home / Uncategorized / 360 सिलेंडर, हजारों की भीड़ बांसडीह में वितरण के दौरान अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

360 सिलेंडर, हजारों की भीड़ बांसडीह में वितरण के दौरान अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बांसडीह स्थित रुद्र भारत गैस एजेंसी पर गुरुवार को रसोई गैस वितरण के दौरान भारी अव्यवस्था फैल गई। एजेंसी पर केवल 360 सिलेंडरों की खेप पहुंची, जबकि सिलेंडर लेने के लिए हजारों उपभोक्ता उमड़ पड़े। सीमित आपूर्ति के कारण मौके पर अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।आए हुए 360 सिलेंडरों में से करीब 150 सिलेंडर पहले से ऑनलाइन बुक और भुगतान किए जा चुके थे। ऐसे में मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं के लिए मात्र लगभग 150 सिलेंडर ही उपलब्ध रह गए, जिससे नाराजगी और बढ़ गई। यह खेप करीब चार दिनों के अंतराल के बाद एजेंसी पर पहुंची थी। सिलेंडर पाने की उम्मीद में उपभोक्ता भोर 3 बजे से ही लाइन में लगने लगे थे। सुबह तक यह कतार हजारों लोगों तक पहुंच गई, जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी शामिल थे। एजेंसी के बाहर कतार कई सौ मीटर तक फैल गई। जैसे ही वितरण शुरू हुआ, आगे निकलने की होड़ में लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि जब आधे सिलेंडर पहले से बुक थे, तो बाकी लोगों को क्यों बुलाया गया। उन्होंने इसे आम जनता के साथ अन्याय बताया। इसी बीच एक भावुक दृश्य भी सामने आया, जब एजेंसी का एक कर्मचारी कोतवाली के सामने फूट-फूटकर रोता हुआ दिखा। इससे साफ हुआ कि अव्यवस्था का दबाव केवल उपभोक्ताओं पर ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों पर भी भारी पड़ रहा है। भीड़ को नियंत्रित करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भीड़ में मौजूद लोगों ने एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी को सूचना दी। उनके निर्देश पर सीओ जयशंकर मिश्र ने प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह सहित पुलिस बल को मौके पर भेजा। पुलिस ने लोगों से लाइन में लगने की अपील की और माइक के जरिए पर्ची के आधार पर उपभोक्ताओं को बुलाकर वितरण कराया। उधर, एजेंसी का कर्मचारी अरविंद कुमार खुद कोतवाली पहुंचा और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा, “साहब, भीड़ बहुत ज्यादा है, गैस सिर्फ एक गाड़ी आई है, कैसे संभालेंगे? पुराने और नए सभी उपभोक्ता लाइन में लगे हैं।”फिलहाल, उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गैस आपूर्ति बढ़ाने और वितरण प्रणाली को पारदर्शी व व्यवस्थित बनाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *