Home / Uncategorized / पेट्रोल-डीजल आपूर्ति व्यवस्था पर डीएम सख्त, कई पंपों का किया औचक निरीक्षण

पेट्रोल-डीजल आपूर्ति व्यवस्था पर डीएम सख्त, कई पंपों का किया औचक निरीक्षण

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।अब्दुल कलाम /
जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को एसडीएम सदर एवं जिला पूर्ति अधिकारी के साथ विभिन्न पेट्रोल पंपों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सबसे पहले पकड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां उन्होंने उपलब्ध स्टॉक एवं आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। पंप संचालक ने बताया कि पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर था, जिसमें से लगभग 5,000 लीटर की बिक्री हो चुकी है। वहीं डीजल का स्टॉक 43,792 लीटर था, जिसमें 3,523 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। संचालक ने आश्वस्त किया कि वर्तमान में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा तेल कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति की जा रही है।
हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के कारण आमजन आवश्यकता से अधिक ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्राहकों को सही जानकारी देकर पैनिक खरीदारी से बचने के लिए जागरूक किया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने महुअवा ढाला स्थित मा बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां पेट्रोल का कुल स्टॉक 23,890 लीटर पाया गया, जिसमें 8,161 लीटर की बिक्री हो चुकी थी। वहीं डीजल का कुल स्टॉक 14,419 लीटर था, जिसमें मात्र 91 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। पंप संचालक ने बताया कि आपूर्ति सामान्य है, लेकिन उपभोक्ताओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक है।
जिलाधिकारी ने पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैलन या डिब्बों में ईंधन की बिक्री न की जाए। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों या असामान्य खरीद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईंधन लेने आए लोगों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को पर्याप्त ईंधन उपलब्ध हो सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा कहीं भी आपूर्ति या वितरण में बाधा न आने दी जाए। अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
जनपद में वर्तमान में कुल 134 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिन पर 1,036 किलोलीटर डीजल और 842 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। वहीं 26 मार्च को जनपद में 650 किलोलीटर डीजल और 376 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *