Home / Uncategorized / गंगापुर में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकली

गंगापुर में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकली

‘जय श्री राम’ के नारों से गूंजा नगर, उमड़ा आस्था का सैलाब

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी

रोहनिया/–वाराणसी के गंगापुर में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर आयोजित भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भक्त उमड़े, जिससे पूरा क्षेत्र राममय हो गया।

परंपरा के अनुसार, शोभायात्रा की शुरुआत स्थानीय राम जानकी मंदिर से हुई। रथ पर भगवान श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण की झांकी के दर्शन के लिए सड़कों पर भारी भीड़ जमा रही। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण कलश लिए हुए ग्रामीण महिलाएं थीं, जो मंगल गीत गाते हुए आगे चल रही थीं। हाथी, घोड़े और ऊंटों के काफिले के साथ यह यात्रा पूरे नगर में भ्रमण करती रही।

नगर की महिलाओं ने जगह-जगह अपने घरों की छतों और दरवाजों से भगवान की आरती उतारी और गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। वातावरण निरंतर ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

शोभायात्रा के पश्चात देर शाम गंगापुर के गोला बाजार में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से आरती का आनंद लिया। इसके साथ ही सिरोदेव बाबा का वार्षिक श्रृंगार कर मेले का आयोजन किया गया, जिसमें दंगल, जोड़ी और गदा चलाने की प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। विजयी पहलवानों को उचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में गाजीपुर तहसीलदार अभिषेक कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नवनीत कुमार जायसवाल, चेयरमैन स्नेहलता सेठ, पूर्व अध्यक्ष दिलीप सेठ, अमित कसौधन, अवधेश मौर्या, हर्ष श्रीवास्तव, सूरज गुप्ता, आशीष गुप्ता, रोहित गुप्ता, विजय यादव, बृजेश केसरी,राजेश जैन, अनीश यादव उर्फ लक्कड़,अरविंद मौर्या उर्फ गांधी, सभासद चरण दास गुप्ता, अरुन केसरी,पूर्व प्रधान विजय राजभर अवधेश राजभर,अभिषेक यादव उर्फ डीएम, हरेराम कसौधन, संतोष कसौधन सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और रामभक्त मौजूद रहे। भक्तों की सुविधा के लिए जगह-जगह जलपान और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *