Home / Uncategorized / बाजार में बंदरों का आतंक, कई लोग घायल, ग्रामीणों ने लगाई गुहार

बाजार में बंदरों का आतंक, कई लोग घायल, ग्रामीणों ने लगाई गुहार

पूर्वांचल राज्य, वाराणसी (चौबेपुर)

स्थानीय चौबेपुर बाजार में इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदर लोगों के कपड़े फाड़ रहे हैं और खाने-पीने की चीजों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ताजा घटना में स्टेशन रोड निवासी रूप नारायण मौर्य (पति शिव मूर्ति) और खुशबू देवी (पति संदीप माली) को बंदरों ने बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। दोनों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कई लोगों पर बंदर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों का व्यवहार लगातार आक्रामक और खतरनाक होता जा रहा है, जिससे उनकी मानसिक स्थिति भी असामान्य प्रतीत हो रही है। बाजार में आने-जाने वाले लोग, विशेषकर महिलाएं और बच्चे, खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई है। हेल्पलाइन की ओर से जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़ी घटना से बचाव हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *