डिजिटल शिक्षा पर असर, ग्राम प्रधान व प्रबंधन समिति ने की सख्त कार्रवाई की मांग
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय की आईसीटी लैब से तीन कंप्यूटर सेट चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना से विद्यालय में डिजिटल शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालय में आईसीटी लैब की स्थापना राज्य परियोजना निदेशक, लखनऊ के माध्यम से की गई थी। लैब में कुल 16 कंप्यूटर सेट (12 डेस्कटॉप व 4 लैपटॉप) लगाए गए थे। हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान तीन कंप्यूटर सेट गायब पाए गए, जिससे विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
विद्यालय के शिक्षकों और ग्राम प्रधान ने बताया कि यह लैब बच्चों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल थी, लेकिन चोरी की इस घटना ने शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावित कर दिया है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान गीता तथा विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुधा ने थाना प्रभारी चोलापुर को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर शीघ्र खुलासा करने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










