51 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1234 युवाओं को जॉब ऑफर।
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो मिर्जामुराद।
वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित किसान इंटर कॉलेज परिसर में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी द्वारा आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया तथा अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है, इस उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन का गठन किया गया है जिसके तहत सभी जनपदों में रोजगार मेलों का आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवाओं को भाषाई दक्षता के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और कौशल विकास से जोड़कर उन्हें रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है, अब तक उत्तर प्रदेश में लगभग 13 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि विदेशों में रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए कई विदेशी संस्थाओं के साथ समझौते किए गए हैं जापान में चार हजार महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है, इस दौरान मुख्य अतिथि ने 10 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनका उत्साह वर्धन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं से जुड़ने का आवाहन किया, सेवापूरी विधानसभा की ओर से विधायक प्रतिनिधि अदिती पटेल ने सेवायोजन विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को भविष्य में ऐसे और रोजगार मिले आयोजित करवाने का आश्वासन भी दिया।
रोजगार मेले में कुल 51 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, इन कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का चयन 10000 से ₹40000 प्रति माह वेतनमान पर किया गया।
मेले में करीब 4200 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 1234 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा नौकरी के ऑफर दिए गए। कार्यक्रम में सहायक निदेशक सेवायोजन मुकेश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह, विवेकानंद, गिरिजेश कुमार गुप्ता, ओम जी गुप्ता, रोजगार मेला प्रभारी दीपक कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।










