पूर्वांचल राज्य ब्यूरो मिर्जामुराद।
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शीतला धाम से दर्शन पूजन करके लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घर गड्ढे में जा पलटी, इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ट्राली पर बच्चे, महिलाएं, युवा समेत कुल 23 लोग सवार थे। सभी लोग झारखंड के लोहरदगा जनपद निवासी मजदूर थे, सभी अर्जुनपुर के पास स्थित एक ईट भट्टे पर काम करने के लिए 3 दिन पूर्व ही यहां आए हुए थे, शुक्रवार को सभी लोग अदलपुर स्थित शीतला धाम में दर्शन पूजन करने गए थे और वापस लौटते समय ये हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली लालपुर गांव के समीप तीव्र मोड़ पर पहुंची तो चालक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार और मोड की तीव्रता के कारण ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसा अचानक हुआ और सवार लोग संभाल तक नहीं सके, इस हादसे में मृतक की पहचान रिंकू उम्र लगभग 20 वर्ष के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर के आगे बैठा था रिंकू तीन भाइयों और बहनों में सबसे बड़ा था, उसके पीछे दो वर्ष की एक मासूम बच्ची भी है उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहरा मच गया है।










