Home / Uncategorized / रामनवमी पर बृजमनगंज में निकली भव्य श्रीराम झांकी, उमड़ा आस्था का सैलाब

रामनवमी पर बृजमनगंज में निकली भव्य श्रीराम झांकी, उमड़ा आस्था का सैलाब

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महाराजगंज/बृजमनगंज।
चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर नगर पंचायत बृजमनगंज में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में स्थानीय ठाकुरद्वारा मंदिर से भव्य शोभायात्रा एवं झांकी निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ठाकुरद्वारा मंदिर से गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती झांकी के स्वागत के लिए जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए थे। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम का अभिनंदन किया। ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता एवं हनुमान जी के सजीव स्वरूपों से सुसज्जित झांकी मंदिर परिसर से निकलकर बैरियर चौराहा, कोल्हुई रोड, हनुमान मंदिर, फरेंदा रोड, स्टेशन रोड, सहजनवा बाबू रोड, मेन रोड, सहारा बैंक रोड और रामलीला पड़ाव होते हुए नगर भ्रमण करती रही।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन एवं स्वयंसेवकों की सक्रियता से पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
नगर भ्रमण के पश्चात झांकी पुनः ठाकुरद्वारा पोखरे पर पहुंची, जहां भगवान श्रीराम की विधिवत आरती उतारी गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर अमन कसौधन, गोविंद वर्मा, अभिलाष जायसवाल, नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल, झिनक विश्वकर्मा, अनूप चौरसिया, धर्मेन्द्र चौरसिया, मोनू शुक्ला, अनिल मणि, राजू जायसवाल सहित नगर के प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
रामनवमी के इस आयोजन ने नगर में आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *