Home / Uncategorized / गगनभेदी नारों के बीच शतचंडी महायज्ञ की हुई पूर्णाहुति, महाभंडारे में उमड़ा जनसैलाब

गगनभेदी नारों के बीच शतचंडी महायज्ञ की हुई पूर्णाहुति, महाभंडारे में उमड़ा जनसैलाब

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली

जनपद महराजगंज के थाना भिटौली चौकी शिकारपुर अंतर्गत शिकारपुर कोटही माता मंदिर परिसर में आयोजित नवदिवसीय शतचंडी महायज्ञ का अंतिम दिन भक्ति, आस्था और उत्साह के अद्भुत संगम के साथ सम्पन्न हुआ। यज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस पावन अनुष्ठान का संचालन विद्वान पंडित आचार्य बलराम पाण्डेय जी एवं उनके सहयोगी आचार्यों द्वारा विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। नौ दिनों तक चले इस महायज्ञ में प्रतिदिन हवन, पूजन और तर्पण की धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
अंतिम दिन जैसे ही पूर्णाहुति का समय आया, मंदिर परिसर “जय माता दी” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने लायक था। महायज्ञ के सफल आयोजन में ग्राम प्रधान शिकारपुर सहित गांव के युवाओं की सक्रिय भूमिका रही। युवाओं ने तन-मन-धन से सहयोग करते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
महाभंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां सभी के लिए भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे गांव की एकता और धार्मिक भावना का प्रतीक बताया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *