Home / Uncategorized / सिसवा में श्रीराम जन्मोत्सव की धूम, जन्मक्षण पर महिलाओं ने गाए सोहर-मंगलगीत, जयघोष से गूंजे मंदिर

सिसवा में श्रीराम जन्मोत्सव की धूम, जन्मक्षण पर महिलाओं ने गाए सोहर-मंगलगीत, जयघोष से गूंजे मंदिर

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।
चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर सिसवा क्षेत्र के मंदिरों में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को दोपहर ठीक 12 बजे जैसे ही प्रभु श्रीराम के जन्म का पावन क्षण आया, मंदिर परिसर ‘भए प्रकट दीन दयाला, कौशल्या हितकारी’ के जयघोष, शंखनाद, घंटों और नगाड़ों की ध्वनि से गुंजायमान हो उठा। ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर के प्रमुख श्रीरामजानकी मंदिर में जन्मोत्सव से एक दिन पूर्व ही 24 घंटे का अखंड भजन-कीर्तन प्रारंभ हो गया था। निर्धारित समय पर भगवान के प्राकट्य के साथ ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों ने पूजा-अर्चना और आरती कर भगवान श्रीराम को छप्पन भोग अर्पित किया। पुजारी विजय शर्मा द्वारा सुसज्जित भगवान की अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
जन्म के पावन क्षण पर महिलाओं ने पारंपरिक सोहर और मंगलगीत गाकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। वहीं मुकेश लक्खा गोरखपुर, दीपिका शर्मा गोण्डा व उमेश उमंग सहित अन्य भजन गायकों ने भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में लालजी सिंह, अधिवक्ता गोविंद सोनी, मनोज केसरी, जितेंद्र वर्मा,उमा जायसवाल, संजय जायसवाल, राजेश मद्धेशिया,रविराज जायसवाल, विवेक चौरसिया, कृष्णमुरारी सिंह, अश्वनी रौनियार, अमित रौनियार , कृष्ण मोहन रौनियार, अरुण सोनी,अंकित लाठ, मयंक मद्धेशिया,शालिनी जायसवाल, बबिता रौनियार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इसी क्रम में नगर के प्रेम चित्र मंदिर रोड स्थित प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर में भी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव विधि-विधान के साथ मनाया गया। पुजारी संजय मालवीय ने पूजा-पाठ और आरती संपन्न कराई। भगवान के जन्म के समय यहां भी महिलाओं ने मंगलगीत और सोहर गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
जन्मोत्सव के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया। भंडारे के सफल आयोजन में मुकेश जायसवाल, रितेश जायसवाल, अवध किशोर सुल्तानिया, मोहन रौनियार, विजय पाठक और सोनू मद्धेशिया का विशेष योगदान रहा।
इसके अलावा सिसवा ब्लॉक के ग्रामसभा बड़हरा महंत स्थित प्राचीन भगवान जगन्नाथ मठ में भी श्रीराम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। यहां भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे सिसवा क्षेत्र में मनाए गए इस पर्व ने आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *