लोहे का पाइप सीधा करते समय करंट से मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चोलापुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मछली पालन कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले युवक की हाई टेंशन करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोलापुर निवासी तौहीद आलम उर्फ टन्ना (35 वर्ष) पुत्र अली हुसैन अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर एक पोखर किराए पर लेकर उसमें मछली पालन का कार्य करते थे, जिससे उनके परिवार की आजीविका चलती थी। शनिवार सुबह लगभग 9 बजे वह रोज की तरह अपने पोखर पर पहुंचे। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें पोखर के किनारे जमीन पर गिरे हुए देखा।
आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार रात्रि को आंधी और पानी आने पर पोखर के किनारे गड़े लोहे के पाइप टेढ़ा हो गया था जिसको सीधा करते समय ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो भाइयों में बड़े तौहीद आलम के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां खुर्शीदा और पत्नी शहनाज का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे भाई ताज मोहम्मद ने बताया कि मृतक के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं.. बड़ी बेटी शाइना (10 वर्ष), दूसरी बेटी शाइमा (7 वर्ष) जो दिव्यांग है, चार वर्ष का बेटा अहद और दो वर्ष की बेटी अनाबिया जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
शनिवार शाम चोलापुर बाजार स्थित कब्रिस्तान में तौहीद आलम उर्फ टन्ना को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम विदाई में क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।










