Home / Uncategorized / कटहल नाले के सुन्दरीकरण पर डीएम सख्त, कार्य में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

कटहल नाले के सुन्दरीकरण पर डीएम सख्त, कार्य में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

ड्रोन से होगी निगरानी, कटहल नाले के कार्य पर प्रशासन की पैनी नजर

बलिया में कटहल नाला बनेगा मॉडल प्रोजेक्ट, डीएम ने बढ़ाई सख्ती

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत कटहल नाले के विकास एवं सुन्दरीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और अब तक हुए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यदायी संस्था जल निगम (नगरीय) की इकाई कन्स्ट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज (सीएनडीएस) द्वारा अभिलेखों एवं फोटोग्राफ्स के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि परमनदापुर पुल से रामपुर महावल बैराज तक लगभग 2 किलोमीटर लंबे कटहल नाले के विकास कार्य में से 1.5 किलोमीटर हिस्से का कार्य क्लियर किया जा चुका है। परियोजना के तहत नाले के दोनों किनारों पर बोल्डर पिचिंग, जियो सेल मेम्बरिंग सिस्टम, सरफेस पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं हार्टिकल्चर, बैरियर, फसाद, सोलर लाइटिंग और मियावाकी फॉरेस्ट जैसे कार्य प्रस्तावित हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्य की नियमित निगरानी ड्रोन कैमरे के माध्यम से की जाए और किसी भी प्रकार की बाधा को चिन्हित कर संबंधित विभागों को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने सिंचाई, बिजली और नगर विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं स्थलीय निरीक्षण करने और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को कटहल नाले के किनारे लगे जर्जर बिजली पोलों का निरीक्षण कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि कटहल नाले का विकास कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह बलिया के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश कुमार, नगर पालिका परिषद बलिया के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार, सीएनडीएस के सहायक अभियंता अभिषेक सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *