Home / Uncategorized / नेपाल में बर्ड फ्लू का असर, महराजगंज में बढ़ी चौकसी; सीमा क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

नेपाल में बर्ड फ्लू का असर, महराजगंज में बढ़ी चौकसी; सीमा क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
नेपाल के छापा और मोरंग जिलों में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि के बाद महराजगंज प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जिले में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति भी नियंत्रण में है। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे गांवों और इलाकों को संवेदनशील मानते हुए निगरानी तेज कर दी गई है।
प्रशासन ने हर तहसील में चार-चार त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) गठित किए हैं। इन टीमों में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मियों को शामिल किया गया है। किसी भी संदिग्ध सूचना पर ये टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
जनपद स्तर पर एक कंट्रोल रूम (8765957965) स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संचालित रहेगा। नागरिकों और कुक्कुट पालकों से अपील की गई है कि वे किसी भी असामान्य स्थिति या मृत पक्षियों की सूचना तुरंत इस नंबर पर दें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमावर्ती गांवों, पोल्ट्री फार्मों और बाजारों में नियमित सैंपलिंग कराई जाए। साथ ही सभी पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में पीपीई किट उपलब्ध रखी जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और बर्ड फ्लू के लक्षणों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन की सक्रियता से स्पष्ट है कि संभावित खतरे से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *