पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
सोमवार। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 27 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस सूची में 13 जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी शामिल हैं, जबकि एक पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) स्तर के अधिकारी का भी स्थानांतरण किया गया है।
प्रशिक्षण निदेशालय में तैनात आईजी चन्द्र प्रकाश को लखनऊ में ही पुलिस महानिरीक्षक (सुरक्षा) के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिन जिलों के एसपी बदले गए हैं, उनमें शाहजहांपुर, एटा, महोबा, रामपुर, कौशांबी, चंदौली, अमरोहा, मऊ, जालौन, बहराइच, फिरोजाबाद, महराजगंज और हमीरपुर शामिल हैं। इसके अलावा कई जिलों में सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के पदों पर भी बदलाव किया गया है।
तबादला सूची के अनुसार, राजेश द्विवेदी को एसपी शाहजहांपुर से हटाकर 38वीं वाहिनी पीएसी, अलीगढ़ का सेनानायक बनाया गया है। श्याम नारायण सिंह को एसएसपी एटा से एसडीआरएफ, लखनऊ भेजा गया है। प्रबल प्रताप सिंह को एसपी महोबा से पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में एसपी अपराध नियुक्त किया गया है।
विद्यासागर मिश्र को एसपी रामपुर से 11वीं वाहिनी पीएसी, सीतापुर तथा राजेश कुमार को एसपी कौशांबी से 44वीं वाहिनी पीएसी, मेरठ भेजा गया है। आदित्य लांग्हे को एसपी चंदौली से एसपी फिरोजाबाद बनाया गया है। अमित कुमार आनंद को एसपी अमरोहा से लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
ईलामारन जी. को एसपी मऊ से एसएसपी एटा, जबकि डॉ. दुर्गेश कुमार को एसपी जालौन से एसएसएफ, अयोध्या भेजा गया है। सौरभ दीक्षित को एसपी फिरोजाबाद से एसपी शाहजहांपुर तथा सोमेंद्र मीना को एसपी महराजगंज से एसपी रामपुर बनाया गया है।
डॉ. दीक्षा शर्मा को एसपी हमीरपुर से लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है। सरकार का यह कदम कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अहम माना जा रहा है।
यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल: 13 जिलों के एसपी समेत 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले










