पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक तंत्र में हलचल मचा दी। इस दौरान जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति तथा बंदियों की गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने एक-एक बैरक की सघन तलाशी ली और बंदियों से भी संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे जेल प्रशासन की सतर्कता पर मुहर लगी।
जेल अधीक्षक ने बताया कि कारागार में नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त बनी रहती है। निरीक्षण के समय जेल की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कारागार में निरुद्ध शातिर अपराधियों पर विशेष नजर रखी जाए और उनकी गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर बंदियों की गतिविधियों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
इस औचक निरीक्षण से स्पष्ट है कि जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही के मूड में नहीं है और कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है।










