पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। आराजी लाइन विकास खंड के कुंडरिया गांव की होनहार बेटी सुधा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 10वीं रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित आसपास के इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
सुधा की प्रारंभिक शिक्षा गांव के परिषदीय विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा संजय मेमोरियल वूमेन्स कॉलेज से प्राप्त की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता अर्जित की।
बताया जाता है कि वर्ष 2021 में उनका चयन आरओ (राजस्व अधिकारी) पद पर हुआ था। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। वर्ष 2023 में उन्होंने डिप्टी जेलर की परीक्षा भी उत्तीर्ण की, लेकिन अपने लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने उस पद को ज्वाइन नहीं किया और यूपीएससी की तैयारी में जुटी रहीं। अंततः उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में 10वीं रैंक हासिल कर एआरटीओ (सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी) पद के लिए चयन प्राप्त किया।
सुधा के पिता प्रमोद सिंह (बब्बू) एक किसान हैं, जबकि माता बेबी सिंह गृहिणी हैं। उनकी इस सफलता पर परिवार, गांव और क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।










