पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
रामनगर
काशी की पारंपरिक पत्थर नक्काशी कला को नई पहचान दिलाने वाले रामनगर के मच्छरहट्टा निवासी हस्तशिल्पी राजेश यादव को वर्ष 2025-26 के राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रविवार को कानपुर में आयोजित एमएसएमई कॉन्क्लेव में मंत्री राकेश सचान द्वारा प्रदान किया गया।राजेश यादव को यह पुरस्कार उनकी उत्कृष्ट कारीगरी के लिए दिया गया, जिसमें उन्होंने पत्थर पर सीधा हाथी, फूल जाली एवं पशु आकृतियों की बारीक नक्काशी कर अद्भुत शिल्प प्रस्तुत किया है। उनकी कला न केवल काशी की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करती है, बल्कि देश-विदेश में भी पहचान बना रही है।सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं निर्धारित धनराशि भेंट की गई। इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों और शिल्पकारों ने उनकी उपलब्धि की सराहना की। राजेश यादव की इस सफलता से काशी की पत्थर कला को नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।










