पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। शिक्षक साक्षात् परम ब्रम्ह स्वरूप है, जो समाज को गढ़ने का कार्य करता है। यदि शिक्षक को शिक्षक ही रहने दिया जाए तो समाज में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन दृष्टिगोचर होगा। उक्त बातें सहतवार चेयरमैन प्रतिनिधि नीरज सिंह गुड्डू की है। वे सोमवार को विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की बांसडीह इकाई द्वारा शिक्षा क्षेत्र बांसडीह में सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों के सम्मान में आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक से गैर शैक्षणिक कार्य न लिया जाए तो शिक्षा की तस्वीर संवरते देर नहीं लगेगी। जूनियर हाईस्कूल सहतवार के प्रांगण में आयोजित समारोह में विशिष्ट अतिथि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि आज शिक्षा और शिक्षक दोनों चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। जिन शिक्षकों के कंधे पर राष्ट्र निर्माण का गुरूत्तर दायित्व है, वह शिक्षक द्वितीयक के रूप में शिक्षक से इतर कार्मिक की भूमिका में नजर आ रहे हैं। शिक्षक पर ऐसे गैर शैक्षणिक कार्य थोपे गए हैं कि वह शैक्षणिक कार्य को छोड़ कर सभी कार्य कर रहे हैं, जो समाज और राष्ट्र के लिए ठीक नहीं है। विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अनूप पांडेय ने सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों को सेवानिवृति के उपरांत उनके सुखद जीवन की शुभकामनाएं दी। कहा कि शिक्षक के लिए सेवानिवृति अंत नहीं, वरन प्रारंभ होता है। शिक्षक कभी सेवानिवृत नहीं होता। वह आजीवन अपने ज्ञान से समाज को अभिसिंचित करता रहता है। इससे पहले मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा सेवानिवृत हो रहे शिक्षक जनार्दन दुबे, कृष्णकुमार सिंह, अजीत चौबे व रामप्रवेश सिंह को अंगवस्त्र तथा स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। समारोह में अरुण कुमार सिंह, घनश्याम चौबे, अवनीश कुमार, अवनीश सिंह, डॉ.आशुतोष शुक्ला, हरेराम सिंह, नंदलाल मौर्य, सुनील गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, रवींद्र तिवारी, राजेंद्र तिवारी, सुमन, मधुमिता मित्रा, संगीता भारती, उपेन्द्र सिंह, एहसानुल हक, सत्यनारायण वर्मा, प्रशांत दुबे, जयशंकर जी, नित्यानंद पांडेय, मनीष सिंह, अखिलेश सिंह, उपेन्द्र नारायण सिंह, संदीप सिंह, रासबिहारी पांडे, सुमन, संजीव सिंह, नन्द जी इत्यादि शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। अध्यक्षता ओंकारनाथ पाण्डेय व संचालन धर्मनाथ यादव ने किया।
सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों को विशिष्ट बीटीसी एसोसिएशन ने किया सम्मानित










