पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बांसडीह क्षेत्र में मंगलवार को रसोई गैस की किल्लत को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। रुद्र भारत गैस एजेंसी पर 568 गैस सिलेंडरों की खेप पहुंचते ही हजारों की संख्या में उपभोक्ता एजेंसी परिसर पर जमा हो गए। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण कराया गया। सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। कई लोग रात से ही लाइन में लगे थे। भीड़ बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति बन गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की निगरानी में सिलेंडरों का वितरण शुरू होने के बाद स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हुई, लेकिन सीमित संख्या में सिलेंडर होने के कारण उपभोक्ताओं में बेचैनी बनी रही। उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति को सुचारु किया जा रहा है और सभी उपभोक्ताओं को जल्द ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर उपभोक्ता तक गैस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बांसडीह में रसोई गैस के लिए उमड़ी भीड़ 568 सिलेंडर पहुंचे, पुलिस निगरानी में किया वितरण










