पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। स्थानीय ब्लॉक मुख्यालय अंतर्गत मड़ैया ग्राम पंचायत में इन दिनों पानी की भारी किल्लत से हाहाकार मचा हुआ है। बीते डेढ़ महीने से क्षेत्र में जल आपूर्ति पूरी तरह से बाधित बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति अब धीरे-धीरे विकराल रूप लेती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार एल एन टी द्वारा जो लगाया गया पाइप इतना खराब किस्म का है कि उस पाइप को चूहा काट दे रहे है।जिसके चलते पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। बावजूद इसके संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी विभागीय अधिकारियों ने इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। लोगों का कहना है कि यह संकट पूरी तरह से विभागीय लापरवाही का नतीजा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
इधर,गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुरुआती दौर में ही जब यह हाल है, तो आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के दौरान हालात और भी बदतर होने की आशंका जताई जा रही है। वही जल निगम के एक्स सी एन से बात करने पर उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा एलएनटी को पैसा नहीं देने की वजह से मजदूर नहीं मिल रहे हैं जिसके कारण कार्य करने में समस्या उत्पन्न हो रहा है।










