Home / Uncategorized / आग का तांडव: दो दर्जन बांस की कोठियां जलकर खाक गेहूं की सैकड़ों बीघे फसल बचने से किसानों ने ली राहत की सांस

आग का तांडव: दो दर्जन बांस की कोठियां जलकर खाक गेहूं की सैकड़ों बीघे फसल बचने से किसानों ने ली राहत की सांस

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव स्थित ठाकुर बस्ती में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बांस की करीब दो दर्जन कोठियों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरी बस्ती धुएं के गुबार से भर गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक एक कोठी से धुआं उठता दिखाई दिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और सूखे बांस व फूस से बनी कोठियां एक के बाद एक जलती चली गईं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, पाइप व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी दौरान सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी अराजक तत्व द्वारा बीड़ी या सिगरेट जलाकर फेंकने से सूखे बांस और फूस में आग लग गई होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए प्रशासन द्वारा जांच की बात कही जा रही है।
सबसे राहत की बात यह रही कि बस्ती के ठीक बगल में सैकड़ों बीघे में खड़ी गेहूं की फसल आग की चपेट में आने से बच गई। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *