Home / Uncategorized / हाई टेंशन तार में हुए शाट सर्किट से किसान का दो बीघा गेहूं जलकर राख,बिजली विभाग की लापरवाही

हाई टेंशन तार में हुए शाट सर्किट से किसान का दो बीघा गेहूं जलकर राख,बिजली विभाग की लापरवाही

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो मिर्जामुराद।

वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब खेत में मंगलवार दोपहर 3:00 बजे हाई टेंशन बिजली तार से निकले चिंगारी के कारण गेहूं की फसल में आग लग गया। इस घटना में स्थानीय निवासी किसान सियाराम प्रसाद के खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई, बताया गया कि किसान के पास करीब 34 विश्वा जमीन है,, जिसके किनारे से 11000 वोल्टेज की हाई टेंशन लाइन गुजरी रही है। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक बिजली के तार में तेज स्पार्किंग हुई और कुछ ही क्षणों में तार से निकली चिंगारी नीचे खड़ी सुखी गेहूं की फसल पर गिरी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से पूरे खेत में फैलने लगी, आग की लपट उठती देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।
घटना के दौरान ग्रामीणों में कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया, लेकिन फिर सभी हिम्मत दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास बाल्टी, पाइप, पंप मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से करने लगे, ग्रामीणों के कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफल रहे। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के अन्य खेतों को जलने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
फिलहाल आग के चपेट में आकर किसान का करीब दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसान ने बताया की फसल कटाई के ठीक पहले इस तरह की घटना ने किसान की पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला है।लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में हाई टेंशन तार काफी समय से जर्जर हालत में है और उनकी समय-समय पर मरम्मत नहीं की जाती इसी लापरवाही के चलते तार में स्पार्किंग हुई और ये हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग करते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, घटना की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग शांत हो चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *