पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिन करदाताओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। एक ही दिन में करीब 7 हजार भवन स्वामियों ने अपने भवन कर के रूप में कुल 27 करोड़ रुपये जमा किए, जो अब तक का उल्लेखनीय आंकड़ा माना जा रहा है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस उपलब्धि पर संतोष जताते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा चलाए गए विशेष अभियान, व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों और ऑनलाइन भुगतान सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने करदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और मूलभूत सुविधाओं में निरंतर सुधार संभव होगा।
नगर निगम प्रशासन ने अंतिम दिनों में विशेष व्यवस्था करते हुए अवकाश के दिन भी काउंटर खुले रखे और विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए। इसका लाभ उठाकर बड़ी संख्या में नागरिकों ने समय सीमा के भीतर अपने बकाया कर का भुगतान किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद बकाया कर पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कुर्की और अन्य दंडात्मक उपाय शामिल हो सकते हैं।
अंतिम दिन करदाताओं का जबरदस्त उत्साह, 7 हजार भवन स्वामियों ने जमा किए 27 करोड़ रुपये










