स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए जनपद में संयुक्त अभियान का शुभारंभ
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।जनपद में संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान एवं ‘स्कूल चलो अभियान’ का संयुक्त रूप से शुभारंभ बुधवार को किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व उन्होंने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता एवं सतर्कता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय ने बताया कि बीते तीन वर्षों से विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और प्रशासन के मार्गदर्शन में जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि दोनों अभियानों को मिलकर प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा समाज की आधारशिला हैं और प्रत्येक व्यक्ति का मौलिक अधिकार भी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से व्यक्तिगत स्तर पर इन अभियानों को सफल बनाने का आह्वान किया।
समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक के संवेदनशील गांवों में ग्राम प्रधानों के माध्यम से एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाए। सफाई कर्मियों को गांवों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और जल जमाव न होने देने के निर्देश दिए गए, ताकि मच्छरों का प्रकोप रोका जा सके। वहीं नगर पालिका एवं नगर पंचायतों को नालियों में एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
स्वास्थ्य और शिक्षा को जोड़ते हुए जिलाधिकारी ने आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे घर-घर सर्वे के दौरान यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रहे। स्कूल न जाने वाले बच्चों की सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान परिषदीय विद्यालयों में नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए छात्रों को पुस्तकें वितरित की गईं। साथ ही राष्ट्रीय आविष्कार प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डीआईओएस देवेंद्र सिंह, बीएसए सचिन कुमार, डीपीओ (आईसीडीएस) राजकपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










