मोबाइल छीनकर फोटो भेजने और जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने युवक पर अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने, गाली-गलौज करने और बदनाम करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उसका चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मुनारी के अमन पांडेय से पिछले करीब चार वर्षों से परिचय था। हाल ही में जब युवती ने उससे संबंध समाप्त करने और अपनी शादी तय होने की बात कही, तो अमन उसे लगातार फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। युवती का आरोप है कि 29 मार्च को वह दवा लेने जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में अमन ने उससे मोबाइल फोन लेकर उसका पासवर्ड भी पुछ लिया।
इसके बाद शाम को आरोपी ने युवती के घर के अन्य मोबाइल नंबरों पर फोन कर गाली-गलौज की तथा उसके फोटो और निजी सामग्री वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने युवती के परिचितों और रिश्तेदारों को फोटो भेजकर उसे बदनाम करने की कोशिश भी की। साथ ही आरोपी ने युवती और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 66ई, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










