Home / Uncategorized / हरपुर तिवारी जूनियर हाई स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

हरपुर तिवारी जूनियर हाई स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/ परतावल।
उच्च प्राथमिक विद्यालय हरपुर तिवारी, विकास खंड परतावल में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 8 तक के विभिन्न वर्गों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले 14 विद्यार्थियों एवं सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले बच्चों के अभिभावकों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य आशिक अली ने प्रतिभाशाली बच्चों को मोमेंटो, मेडल, पेंसिल बॉक्स और वॉटर बॉटल आदि वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी परतावल मुसाफिर सिंह पटेल का भी आकस्मिक आगमन हुआ, जिनका विद्यालय परिवार ने स्वागत किया।
अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि “मेहनत से अर्जित ज्ञान ही जीवन में सफलता और सम्मान दिलाता है।” उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में सबसे अधिक छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हरपुर तिवारी के छात्रों ने हासिल की है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक जे.डी. अंसारी सहित पूरे स्टाफ की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने सभी टॉपर्स को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिसर की स्वच्छता में विशेष योगदान देने वाले 6 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के इंचार्ज जे.डी. अंसारी, राजेंद्र यादव एवं संजीव पाठक को टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शाकिर अली, ग्राम प्रधान जयराम यादव, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष इंद्रासन यादव, युवा नेता बबलू खान तथा शिक्षकगण पंकज यादव, हेमलता मिश्रा, शिवांगी, सरिता एवं आदेश यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और उत्साह के माहौल में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *