पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। रसोई गैस वितरण को लेकर पिछले दिनों बनी अफरा-तफरी के बाद बुधवार को बांसडीह में स्थिति सामान्य हो गई। गैस एजेंसी पर लगभग 300 उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस सिलेंडर सुचारू रूप से वितरित किए गए। एजेंसी पर 12 और 13 मार्च को बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई गई। वितरण व्यवस्था में सुधार देखा गया, जिससे उपभोक्ताओं को अब लंबी प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन की सक्रियता और निगरानी के चलते वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित हुई। जरूरत के अनुसार लाइन लगवाकर क्रमवार सिलेंडर दिए गए, जिससे धक्का-मुक्की जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी के निर्देश पर गैस आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने बताया कि अब नियमित रूप से आपूर्ति बहाल की जा रही है और लंबित बुकिंग को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने भी व्यवस्था में सुधार पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह समय पर गैस उपलब्ध होती रहेगी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बांसडीह में गैस एजेंसी पर 300 उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिला, व्यवस्था में सुधार










