पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आनन्द कुमार सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार यादव ने जिला अस्पताल से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया।इस अवसर पर जनजागरूकता गोष्टी एवं शपथ कार्यक्रम संपादित हुआ। इस अवसर पर वेक्टर जनित बीमारियों के नोडल अधिकारी डॉ अभिषेक मिश्रा ने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के लक्षण युक्त मरीजों को भी चिन्हित करने पर जोर रहेगा। अभियान के अंतर्गत ही 10 से 30 अप्रैल तक संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलने वाले दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्त्ता और आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया, जेई, एईएस, आईएलआई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस), हीट वेव से बचाव आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। बुखार के रोगियों की सूची आईएलआई रोगियों की सूची, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, फाइलेरिया, काला जार, कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित सम्पूर्ण विवरण ई–कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता माइक्रोप्लान के अनुसार कार्यक्षेत्र में आने वाले परिवारों के सभी सदस्यों का आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा) सृजन भी अवश्य रूप से करेंगे और वह परिवार को आभा नंबर से अवगत कराएंगे। जिला मलेरिया अधिकारी राजीव त्रिपाठी ने बताया कि शासन द्वारा उत्तर प्रदेश सहित देश के कई भागों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसी स्थिति में वेक्टर जनित और जलजनित रोगों के आउटब्रेक्स अधिक होने की संभावना है। इसी क्रम में शासन से गर्मी के मौसम से संबंधित रोगों के बारे में विभिन्न विभागों के परस्पर समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था किये जाने, गर्मी से बचाव के लिए शेल्टर्स की सुविधा, व्यस्त स्थानों पर मौसम के पूर्वानुमान तथा तापमान का डिस्प्ले करने, हीट वेव से बचाव के लिए उपायों का विद्यालयों एवं जनमानस में व्यापक प्रचार प्रसार किया जायेगा। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग,दिव्यांग जन कल्याण विभाग,कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। जिसमें स्वास्थ्य विभाग नोडल की भूमिका में होगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के साथ ही सहयोगी विभागों के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सहयोगी संस्थाओ सी-फार, पाथ संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का हुआ शुभारंभ 10 से 30 अप्रैल तक चलेगा दस्तक अभियान










