पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद में लंबे समय से प्रतीक्षित नए जिला कारागार के लिए जमीन खरीद को शासन ने वित्तीय स्वीकृति दे दी है। नारायनापाली में 62.48 एकड़ भूमि पर 1000 कैदियों की क्षमता वाला यह कारागार बनाया जाएगा। जमीन खरीद के लिए कुल 38 करोड़ 75 लाख 65 हजार 280 रुपए का बजट अनुमोदित किया गया है, जिसमें से पहली किश्त के तौर पर 24 करोड़ 12 लाख 98 हजार रुपए जारी कर दिए गए हैं। स्वीकृत धनराशि जिलाधिकारी के डिपोजिट खाते में रखी जाएगी। निर्विवाद भूमि उपलब्ध होने पर उक्त धनराशि राजकोष से आहरित कर जमीन खरीद की जाएगी। पूरी व्यवस्था की देखरेख महानिरीक्षक कारागार करेंगे। नए जिला कारागार के निर्माण के लिए परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह पिछले कुछ समय से लगातार प्रयासरत थे। जिले से लेकर शासन स्तर तक इसके लिए मजबूती से पहल की। धन स्वीकृत होने के बाद अब इस परियोजना के जल्द ही धरातल पर उतरने और इसके स्वरूप लेने की उम्मीद है। मंत्री ने बताया कि इसकी प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से जमीन चिन्हांकन संबंधित कार्य कर लिया गया है। जिला जेल कुल 62.48 एकड़ में बनेगा, जिसकी क्षमता एक हजार कैदियों की होगी। जमीन खरीद करने के बाद इसके निर्माण की भी प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी। पुरानी जिला जेल की जमीन पर मेडिकल कालेज का निर्माण प्रस्तावित है। जबकि इसके एक हिस्से को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मृति स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
जनपद में नए कारागार की जमीन खरीद को मंजूरी मिली 1000 कैदियों की होगी क्षमता










