उन्नाव में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार 27 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ बैठी 6 साल की भतीजी बाल-बाल बच गई। हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुआ। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दवा लेने बाजार जा रही थी महिला
चिपियाना मोहल्ला निवासी फरहीन फातिमा अपनी भतीजी जारा के साथ स्कूटी से महरा चौराहा स्थित मेडिकल स्टोर दवा लेने जा रही थीं। शेखपुर नहर के पास पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मौके पर ही हुई मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा बेहद गंभीर था और महिला की मौके पर ही मौत हो गई। साथ बैठी बच्ची सड़क पर गिरने से मामूली रूप से घायल हुई, जिसे लोगों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और संभाला।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एक साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक फरहीन फातिमा की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। उनके पति दिलशाद अहमद दुबई में नौकरी करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चालक फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रक और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।










