Home / Uncategorized / एन एच-730 पर रफ्तार का तांडव: बेकाबू स्कॉर्पियो ने छीनी दो जिंदगियां

एन एच-730 पर रफ्तार का तांडव: बेकाबू स्कॉर्पियो ने छीनी दो जिंदगियां

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
पल्टू मिश्रा

जनपद महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला, जब अनियंत्रित वाहन ने मोटरसाइकिल और साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर तरकुलवा तिवारी के पास करीब तीन बजे हुए इस भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो (UP 53 DZ 9708) तेज गति में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी। पहले उसने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी, फिर साइकिल सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल में आग लग गई और वह मौके पर ही जलकर खाक हो गई। हादसे में धर्मपुर बड़ा टोला निवासी भोला (38) और छातीराम निवासी सूर्यभान (62) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला की पत्नी सुमन (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लचर ट्रैफिक नियंत्रण की पोल खोलता है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार बढ़ती दुर्घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि स्पीड मॉनिटरिंग, सख्त कानून लागू करने और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अभी भी गंभीर कमी है।
अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे यूं ही मासूम जिंदगियां निगलते चली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *